जैथरा। क्षेत्र के गांव जवाहर नगर पुरसारी में प्रधान और पूर्व प्रधान पक्षों में गोलियां चल गईं। एक युवक गोली लगने से गंभीर घायल हुआ, जिसे आगरा रेफर किया गया है। घटना के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना गांव में चल रहे एक तेरहवीं की दावत के दौरान हुई। पूर्व प्रधान नेत्रपाल ने थाने पर दी तहरीर में बताया कि परिवार के साथ यहां तेरहवीं कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी दौरान प्रधान अरविंद कई लोगों के साथ पहुंचा। उसने गाली-गलौज कर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुत्र असेंद्र के पेट में लगी। जिसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां से आगरा रेफर कर दिया गया। नेत्रपाल ने सात नामजद और दस अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। गोलियां दूसरे पक्ष से भी चलीं, हालांकि इसकी तहरीर नहीं दी गई है।
घटना के बाद एसएसपी सुनील कुमार सिंह पुलिसबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिस पर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि एक नामजद आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। घायल युवक की हालत आगरा में सही बताई गई है। संवाद