एटा। थाना मारहरा क्षेत्र स्थित गांव मेंहनी और ओरनी के बीच नीलगाय से टकराकर बाइक सवार सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। अन्य हादसों में लखीमपुर खीरी के दो युवकों सहित पांच लोग घायल हुए हैं, इनमें से तीन को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
कस्बा मारहरा के मोहल्ला काजी निवासी 55 वर्षीय मोहम्मद वारिस की बाइक बृहस्पतिवार रात करीब 7 बजे नीलगाय से टकरा गई। उनके बेटे फैजान ने बताया कि पिता गांव-गांव फेरी लगाकर बाइक से सब्जी बेचते थे। बृहस्पतिवार रात गांव मेंहनी के पास नीलगाय से टक्कर होने के बाद क्षेत्र के ही एक व्यक्ति ने सीएचसी मारहरा पर भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। फैजान का कहना है कि बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मंडी समिति के पास डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार 23 वर्षीय प्रदीप कुमार और 21 वर्षीय अमित कुमार निवासी लखीमपुरी खीरी घायल हो गए। दोनों युवक हरियाणा से बाइक से लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। प्रदीप को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया गया है। गांव गंगनपुर के पास कार की टक्कर से बाइक सवार प्रेमपाल व उसका भाई कौशल किशोर निवासी वाहिद बीबीपुर थाना रिजोर घायल हो गए। कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित गांव ककैरा के पास कार की टक्कर से बाइक पर बैठी 60 वर्षीय ईश्वरी देवी निवासी नगला करेला थाना अमांपुर जिला कासगंज घायल हो गईं। प्रेमपाल व ईश्वरी देवी को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है।