एटा। छोटे बेटे से कहासुनी होने के बाद पिता ने विषाक्त पदार्थ निगल लिया, जिसके चलते मौत हो गई। वहीं दो महिलाओं सहित तीन अन्य लोगों ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत नाजुक है और मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
सत्येंद्र सिंह निवासी पटियाली जिला कासगंज ने बताया कि ससुर राजेंद्र (60) निवासी जासमई की किसी बात को लेकर छोटे बेटे अनुज से शुक्रवार को कहासुनी हो गई। इसके बाद वह कमरे के अंदर गए और वहां रखा हुआ कोई विषाक्त पदार्थ निगल लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजन लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली पहुंचे। यहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज एटा रेफर कर दिया। यहां इमरजेंसी में चिकित्सक ने राजेंद्र को मृत्यु घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ घर ले गए।
वहीं अन्य घटनाओं में सनी निवासी अलीगंज चुंगी कोतवाली नगर, ऊषा देवी निवासी सीय थाना मिरहची और लाडली निवासी नगला धीमर थाना बागवाला ने भी विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज आए, यहां इनका उपचार चल रहा है।