एटा। थाना जसरथपुर क्षेत्र में सब्जी में जहर देकर पति की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। युवक की दो माह पहले ही दूसरी शादी हुई थी। जमीन व मकान के लालच में हत्या करने की बात कही जा रही है। गांव नदराला निवासी अकरम (30) पुत्र खुर्शीद इकबाल की सोमवार शाम संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। उसके भाई आशिक अली व फुफेरे भाई हासिम खां का कहना कि अकरम की शादी दो माह पहले गांव के ही मुस्ताक हुसैन की बेटी असमत बेगम के साथ हुई थी। अकरम सभी भाइयों से अलग मकान में रहता था। पति-पत्नी के अलावा घर में कोई नहीं था।
आरोप है कि 23 सितंबर की शाम असमत बेगम ने अपने भाई गुड्डू व मुस्तकीम और बहनोई इस्तकार के साथ साजिश रचकर अकरम को आलू की सब्जी में जहर दे दिया। इसके बाद तबियत बिगड़ गई, तब अलीगंज एक निजी अस्पताल लेकर गए। यहां स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद रात में ही घर ले आए। 24 सितंबर की सुबह चार बजे अकरम को लेकर असमत बेगम और गुड्डू आदि गायब हो गए और 36 घंटे तक किसी का फोन नहीं उठाया। जानकरी करने के काफी प्रयास किए गए। 26 सितंबर की शाम को घर लेकर आए तब तक हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। फर्रुखाबाद इलाज के लिए लेकर गए, वहां 27 सितंबर की शाम को मौत हो गई। वहीं असमत बेगम के भाई गुड्डू का कहना है कि गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। मैं अपने बहनोई की हत्या क्यों करना चाहूंगा, जबकि दो माह पूर्व ही बहन की शादी की थी।