राजा का रामपुर। थाना क्षेत्र के लुहारी खेड़ा गांव स्थित उप डाकघर में लाखों रुपये का गबन हो गया। ग्राहक अपने खातों की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें कुछ नहीं बताया जा रहा है। इसको लेकर उनकी बेचैनी बढ़ रही है।
डाकघर राजा का रामपुर में भी ग्राहक चक्कर लगा रह हैं। लेकिन उनको केवल शेष रुपयाें की ही जानकारी दे जा रही है, खाता विवरण नहीं दिया जा रहा है। खाता धारक शिव प्रताप सिंह मंगलवार को कस्बा स्थित डाकखाना में पहुंचे तो उनको खाता विवरण देने से मना कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मेरा और पापा के अलग-अलग खाते हैं। इनमें कुल 132458 रुपया जमा था। अब एक खाते में 810 और दूसरे में 640 रुपये ही बचे हैं।
इसका विवरण मांगा तो पोस्टमास्टर ने कह दिया कि ये खाता लेन-देन न होने के चलते बंद कर दिए गए हैं। ऐसे खातों की जांच चल रही है। अपने शाखा डाकघर से ही पता करें। प्रकरण पर डाक अधीक्षक नीलेंद्र कुमार दुबे ने तीन सदस्यों की टीम बनाई है जिनके द्वारा जांच की जा रही है। पोस्टमास्टर बीके पाल ने बताया कि हमारे पास खाताधारक आते हैं तो उनका बैलेंस बता दिया जाता है, लेकिन उनको स्टेटमेंट नहीं दिया जा सकता। यह उप डाकघर द्वारा ही दिया जाएगा।