एटा। सर्दी के मौसम में भी लोग मलेरिया से पीड़ित मिल रहे हैं। उन्हें मेडिकल कॉलेज के सामान्य वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। मंगलवार को सामान्य वार्ड में 62 वर्षीय वृद्ध मलेरिया पीड़ित मिला। इसके अलावा मेडिसन विभाग में करीब 400 लोगों ने उपचार प्राप्त किया।
मेडिकल कॉलेज के सामान्य वार्ड में भर्ती दयाराम (62) निवासी कासोन ने बताया कि 7 दिन से बुखार आ रहा था। गांव में ही निजी क्लीनिक से दवा ली लेकिन कोई आराम नहीं मिला। बुखार ठीक नहीं हुआ तो मेडिकल कॉलेज में शनिवार को दवा लेने के लिए पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मलेरिया व डेंगू की जांच कराई जिसमें मलेरिया की पुष्टि हुई। सोमवार को मलेरिया की पुष्टि होने के बाद उपचार दिया जा रहा है।
वहीं मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में करीब 400 मरीजों ने विभिन्न बीमारियों को लेकर उपचार लिया। वायरल बुखार, सर्दी, खांसी, जुकाम व पेट दर्द समेत अन्य बीमारियों के मरीजों ने उपचार लिया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दवाएं लिखीं। वहीं गंभीर मरीजों को सामान्य वार्ड में भर्ती कराया। संवाद