एटा। थाना मलावन में अंकित गुप्ता निवासी कीलरमऊ थाना बागवाला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि हाईवे पर रविवार की देर शाम कार सवारों ने गाड़ी रुकवा कर मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कीलरमऊ निवासी अंकित गुप्ता ने बताया कि 23 मार्च को वह सकीट बाजार से एटा लौट रहा था। देर शाम जैसे ही हाईवे पर पुलिस चौकी सैंथरी के पास पहुंचा, एक कार सवार कुछ लड़को ने उसके लोडर वाहन को ओवरटेक करके रुकवा लिया। इसके बाद खिड़की के पास गालियां देते हुए नीचे उतारकर पीटने लगे। इतना ही नहीं जेब में रखा मोबाइल फोन जबरन छीनकर अपनी गाड़ी में बैठकर भाग गए।
सीओ सकीट कृतिका सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने छानबीन की। कार्रवाई में एक बाल अपचारी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आलोक कुमार निवासी भरतपुरा थाना कुरावली जिला मैनपुरी के पास से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।