एटा। बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों का देरी से विद्यालय पहुंचने का रवैया नहीं बदल पा रहा है। बड़ी संख्या में शिक्षक विद्यालयों में समय से नहीं पहुंचते हैं। 3 से 17 मार्च तक प्रेरणा एप के माध्यम से निरीक्षण किया गया। इस दौरान 43 शिक्षक अनुपस्थित मिले। बीएसए ने सभी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
बीएसए दिनेश कुमार ने बताया उच्चाधिकारियों के निर्देश हैं कि विद्यालय समय से 15 मिनट पूर्व शिक्षक पहुंचें और छुट्टी के बाद 30 मिनट तक रुकें। इस दौरान आगामी दिवस की कक्षा शिक्षण की तैयारी करेंगे। बताया 3 मार्च से 17 मार्च तक खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयक सहित अन्य अधिकारियों ने प्रेरणा पोर्टल एप से विद्यालयों का ऑनलाइन निरीक्षण किया था।
इस दौरान 43 शिक्षक अनुपस्थित मिले थे। इसमें कोई प्रधानाध्यापक है तो कोई प्रभारी प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र तक इसमें शामिल हैं। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। बिना सूचना के ये विद्यालयों से अनुपस्थित मिले थे। तीन दिन में नोटिस का जवाब मांगा है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।