एटा। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए जिले में पांच केंद्र बनाए गए हैं। बुधवार से इन केंद्रों पर मूल्यांकन का कार्य शुरू हो गया। पहले दिन हाईस्कूल की 8057 और इंटर की 5399 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
शहर में राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज, क्रिश्चियन एग्रीकल्चर इंटर कॉलेज और गांधी स्मारक इंटर कॉलेज को मूल्यांकन का केंद्र बनाया गया है। यहां जीआईसी और गांधी स्मारक में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है। अन्य तीन पर हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन चल रहा है।
बुधवार को प्रत्येक केंद्र पर पहले डीएचई (प्रधान परीक्षकों) ने 20-20 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने परीक्षकों को बताया कि मूल्यांकन कैसे करना है। इसके बाद परीक्षकों को उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की गईं। शाम 5 बजे तक मूल्यांकन का कार्य चलता रहा। पहले दिन 701 परीक्षकों ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया।