फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: पुलिस-पब्लिक में भिड़ंत, जमकर बवाल

Fri, 23 May 2014 08:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लोनी
विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद के लोनी में बिजली चोरी के मामले में एक युवक को पकड़ने आई पुलिस और ग्रामीण बृहस्पतिवार को आमने-सामने आ गए। पुलिस से बचने को युवक ने छत से छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। इस पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अवैध उगाही न देने पर कार्रवाई का आरोप लगा भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें दो सिपाही घायल हो गए। पुलिस की जीप क्षतिग्रस्त कर दी। चौकी इंचार्ज ने भागकर जान बचाई।
विज्ञापन


कुछ देर बाद भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लाठियां फटकारीं तो ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने लोनी गाजियाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने को पुलिस ने फिर लाठियां फटकारीं तो ग्रामीणों ने फिर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी भीड़ पर पत्थर फेंके। दोनों ओर से कई बार पथराव हुआ।

कभी पुलिस तो कभी ग्रामीण दौड़ते रहे। ढाई घंटे बाद पुलिस ने उपद्रवियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा। पुलिस की ओर से करीब 40 उपद्रवियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जा रही है, जिनमें से कुछ नामजद भी हैं। जबकि ग्रामीणों ने भी पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। कई गांववाले घायल हैं।
विज्ञापन

पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप

बृहस्पतिवार सुबह कस्बा चौकी इंचार्ज दो सिपाहियों के साथ बागराणप गांव निवासी सूरज पुत्र चंदी को बिजली चोरी के मामले में गिरफ्तार करने गए थे। पुलिस को देख सूरज घर की छत पर चढ़ गया और गिरफ्तारी के डर से नाले में छलांग लगा दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद जमकर बवाल हुआ।

ग्रामीणों का आरोप था कि विद्युत विभाग ग्रामीणों के विरुद्ध फर्जी बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज करा रहा है तथा पुलिस गिरफ्तारी का भय दिखाकर आरोपियों से अवैध वसूली कर रही है। सूरज को भी अवैध वसूली के लिए एक सप्ताह से परेशान किया जा रहा था।
विज्ञापन

लोनी गाजियाबाद मार्ग पर लगाया जाम

पथराव में सिपाहियों के चोटिल होने की सूचना पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा तथा वहां मौजूद महिलाओं पर डंडे फटकार कर अपनी क्षतिग्रस्त गाड़ी को ले आई। जिस पर गांव की दर्जनों महिलाएं एवं पुरुष आक्रोशित हो गए तथा 11 बजे गांव के सामने लोनी गाजियाबाद मार्ग पर पहुंचकर जाम लगा दिया। लोगों ने पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की। पुलिस ने जाम लगा रहे एक युवक को गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारी भड़क गए तथा पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।

पुलिस युवक को छोड़ भाग खड़ी हुई और गलियों में छिपकर जान बचाई। कुछ देर बाद पुलिस ने भी प्रदर्शनकारियों को पथराव कर खदेड़ने की कोश्शि की। कई बार पुलिस एवं प्रदर्शनकारियों के बीच पथराव हुआ, जिसमें कई ग्रामीण एवं पुलिस कर्मी चोटिल हुए।

करीब ढाई घंटे बाद एसपी देहात और सीओ बार्डर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा, तब जाकर जाम खुल सका। एसपी देहात ने बताया कि उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध उगाही की भी जांच कराई जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें