बकरे की कीमत को लेकर बदायूं के बिनावर में बृहस्पतिवार सुबह दो समुदायों के लोगों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं, इसमें दर्जन भर लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की ओर से पांच-पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटना के दौरान करीब दो घंटे तक बरेली-मथुरा हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। वाहनों को बाईपास से होकर निकाला गया।
घटना सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई। पड़ोसी गांव बगुला नगला निवासी युवक महीपाल बकरा खरीदने और बेचने का काम करता है। सुबह वह बकरा लेकर कस्बे में आया था। उसकी बिलहत रोड पर मीट विक्रेता भूरे कुरैशी से बकरा बेचने की बात होने लगी। इस दौरान रेट को लेकर हुई कहासुनी में भूरे ने महीपाल को पीट दिया।