भटनी। थाना क्षेत्र के चांदपार गांव में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने एक युवक की पिटाई कर दी। शिकायत पर मंगलवार को पुलिस ने आठ आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। दो आरोपियों को हिरासत में भी ले लिया।
जानकारी के अनुसार, चांदपार गांव निवासी लालमती देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति मोहन यादव किसी काम से बाजार गए थे। घर लौटने के दौरान रास्ते में कब्रिस्तान के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने बाइक रोक कर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर लोगों को आता देख आरोपी भाग गए।
पीड़िता ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी पहले भी जान से मारने की धमकी देते रहे हैं। इसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। शिकायत पर पुलिस ने प्रियांशु तिवारी, मनीष कुमार, शैलेश कुमार, राहुल कुमार, जितेंद्र यादव, बृजेश यादव समेत आठ नामजद और अन्य पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।