सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
खुखुंदू/देवरिया। खुखुंदू थाना क्षेत्र के बहादुरपुर के पास शुक्रवार की रात बाइक सवार युवक वाहन की चपेट में आ गया। युवक को सड़क पर तड़पता देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों के सहयोग से घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। वहां उसने दम तोड़ दिया। उधर पुलिस की सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सलेमपुर कोतवाली के पिवकोल निवासी अलकेश मणि त्रिपाठी (30) श्रीराम त्रिपाठी अपनी बाइक से देवरिया गए थे। वहां से लौटते समय वह अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन सड़क पर बहादुरपुर के समीप ही पहुंचे थे कि किसी चार पहिया वाहन की चपेट में उनकी बाइक आ गई।
वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उधर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अलकेश मणि के पाकेट में मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को अवगत कराया। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया गया। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए थे। संवाद