गौरीबाजार। गौरी बाजार-हाटा मार्ग पर मदरसन के पास देर रात बरात से घर लौट रहे बाइक सवार युवक सामने से आ रही कार से टकरा गए। घायलावस्था में इलाज के लिए उन्हें मेडिकल काॅलेज गोरखपुर ले जाया गया। गंभीर स्थिति देखकर एक युवक को लखनऊ भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो पर गई। जबकि अन्य दो घायल युवकों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
गौरी बाजार क्षेत्र के ग्राम हरपुर निवासी पप्पू निगम (27) पुत्र रामनरेश निगम शुक्रवार को कुशीनगर जिले में बरात गए थे। देर रात वे अपने अन्य दो साथियों राहुल यादव (25) व सुरेश यादव (24) के साथ घर लौट रहे थे। हाटा-गौरी बाजार मार्ग पर मदरसन चौराहे के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही कार की एक लाइट ही जल रही थी। इससे उनकी बाइक टकरा गई। जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। घायल युवकों को आसपास के लोगों के सहयोग से इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इसमें पप्पू निगम की गंभीर हालत देखकर चिकित्सक ने लखनऊ रेफर कर दिया। जहां रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य दो युवकों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। कार चालक मौके से फरार हो गया।
युवक की मौत की सूचना से पूरा परिवार सदमे में है। पप्पू निगम की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। दो भाइयों में पप्पू बड़े थे।उनको एक पुत्री व एक पुत्र है। बच्चों के सिर से असमय ही पिता का साया उठ गया।