संवाद न्यूज एजेंसी
गौरी बाजार। थाना क्षेत्र के ग्राम करमाजितपुर में शुक्रवार की देर रात एक युवक ने कमरे के रोशनदान से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, परमात्मा निषाद (36) पुत्र राम प्रताप निषाद शुक्रवार को शाम को घर आया। बताया जा रहा है कि पत्नी और मां से किसी बात पर बहस हो गई। विवाद के बाद वह अपने कमरे में चला गया और रोशनदान में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी घर वाले उसे खोजते हुए पहुंचे तो कमरे का हाल देख उनके होश उड़ गए। घर में पत्नी मां व एक सात वर्षीय पुत्री जोर-जोर से चिल्लाने लगे।
शोर सुनकर मौके पर आसपास के लोग जुट गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। परिवार भी सही जानकारी देने से कतरा रहे हैं।