किशोरी का अश्लील फोटो वायरल कर बना रहा शादी का दबाव
पीड़िता के पिता ने एसपी से लगाई गुहार, एक माह पूर्व थाने में हुआ था समझौता
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। किशोरी का अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर एक युवक उसके परिजनों पर शादी का दबाव बना रहा है। युवक एक माह पहले भी यह हरकत कर चुका है, तब थाने में सुलह-समझौते के बाद उसने ऐसा करने से मना कर दिया था, अब युवक फिर किशोरी के परिजनों को परेशान कर रहा है। पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
रामलक्षन चौकी क्षेत्र के एक गांव के किशोरी की रिश्तेदारी मदनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में है। किशोरी के पिता का कहना है कि रिश्तेदारी में होने के नाते युवक अक्सर उनके घर आता रहता था। इस दौरान उसकी बेटी से नजदीकी बढ़ गई। युवक ने उसकी बेटी का कई अश्लील फोटो धोखे से बना लिया। कुछ दिन बाद वह उनकी बेटी से शादी का प्रस्ताव रखा, तो युवक की हरकतों को देख उसने मना कर दिया। युवक ने तब सोशल मीडिया पर किशोरी का कई फोटो अपलोड कर दिया। इसकी सूचना रुद्रपुर कोतवाली में दी गई। कोतवाली में सुलह-समझौते के दौरान युवक ने अपनी हरकतों के लिए माफी मांगी और फिर सोशल मीडिया से फोटो हटा दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार युवक वर्तमान में राजस्थान गया है और वहीं से सोशल मीडिया पर उसकी बेटी का अश्लील फोटो वायरल कर रहा है। युवक लड़की के फोटो के साथ उसके परिजनों का नाम, पता लिख रहा है। घटना को लेकर परिवार के लोग अवसाद में हैं। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।