देवरिया जिले में फर्जी में पासपोर्ट बनवाने का मामला आए दिन खुलता जा रहा है। शुक्रवार को एकौना पुलिस ने बकरुआ गांव के दो लोगों पर फर्जीबाड़ा कर पासपोर्ट बनवाने के आरोप में केस दर्ज किया। दोनों आरोपी तीसरी बार पासपोर्ट बनवाने की फिराक में थे। इसी बीच लखनऊ पासपोर्ट कार्यालय से आई जांच में पुलिस ने मामले का खुलासा किया। एक सप्ताह पहले भी क्षेत्र के लखनाघाट गांव में अमरनाथ यादव अपने दो पासपोर्ट के साथ पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एकौना थाने के एसआई अखिलेश कुमार यादव की तहरीर पर दर्ज हुए मुकदमे में बकरुआ गांव के जनार्दन कुमार यादव ने वर्ष 2016 में पासपोर्ट बनवाया था। दोबारा वर्ष 2017 में भी पासपोर्ट बनवाया। आरोपी ने दोनों बार माता- पिता के नाम पर परिवर्तन कर थाने से लेकर पासपोर्ट कार्यालय तक सत्यापन में धोखाधड़ी कर पासपोर्ट जारी कर विदेश यात्रा भी कर ली।
गांव के ही धर्मनाथ ने भी दो बार फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवा लिया है। पुलिस की जांच में फर्जीबाड़ा मिलने पर दोनों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष अर्चना सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए जाने पर केस दर्ज किया गया। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता पाई जाएगी, सभी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।