- देवरिया-सलेमपुर मार्ग स्थित इस चौराहे से निकलती है बरहज के लिए सड़क
- इसी चौराहे के पास स्थित मुंडेरा बुजुर्ग से निकल रहा है बैतालपुर तक का बाईपास
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/सोनूघाट। गोरखपुर-सलेमपुर एनएच का सोनूघाट चौराहा सबसे तेजी से विकसित हो रहा है। आज इस चौराहे के नजदीक की जमीनें देवरिया कस्बे से भी अधिक महंगी हो गई हैं। वजह यह कि इसी चौराहे से बरहज मार्ग के बाद देवरिया शहर का बाईपास भी जुड़ रहा है। स्कूल, अस्पताल और बड़े शो रूम खोलने के लिए व्यापारियों ने जमीन की तलाश शुरू कर दी है।
देवरिया शहर का जाम खत्म करने के लिए बैतालपुर के सिरजम चौराहे के पास से फोरलेन बाईपास सोनूघाट के पास मुंडेरा बुजुर्ग तक बन रहा है। 22 किमी लंबे इस फोरलेन के निर्माण से पहले ही लोगों की उम्मीदें आसमान छू रही हैं। कपड़ा व्यापारी नवीन बताते हैं कि शहर के अंदर अब भीड़ है। कस्बा सोनू घाट के करीब तक पहुंच गया है। ऐसे में आने वाले समय में बड़े प्रतिष्ठान बाईपास के आसपास ही खुलेंगे। क्योंकि शहर के दक्षिण और पूरब की भीड़ उधर ही रुकेगी। इसलिए अभी जो लोग वहां जमीन खरीद रहे हैं, वह भविष्य की पूंजी है। स्कूल संचालक जितेंद्र मिश्र बताते हैं कि सोनूघाट ऐसा प्वाइंट है, जहां देवरिया, सलेमपुर, बरहज के अलावा तरकुलवा की तरफ से भी पहुंचना आसान होगा। ऐसे में अगर वहां कोई स्कूल-कॉलेज खुलता है, तो बच्चों की पहुंच आसान होगी। इसीलिए नया शिक्षण संस्थान खोलने वाले सोनू घाट के आसपास ही जमीन की तलाश कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत डॉ. एनपी गुप्ता कहते हैं कि शहर के बीच अब कहीं जगह बची नहीं है। शहर के बाहर सबसे बेहतर लोकेशन सोनू घाट की है। अब वहां तक लगभग शहर फैल चुका है। ऐसे में नया स्कूल, अस्पताल खोलने के लिए सोनू घाट ही सबसे बेहतर जगह लोगों को दिख रही है।
-
सरकारी रेट पर हो रहा घाटा
मुंडेरा बुजुर्ग निवासी ध्रुव चौहान बताते हैं कि 10 साल पहले यहां जमीन चार से पांच लाख रुपये कट्ठा बिक रही थी। इसके बाद गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर फोरलेन बनना शुरू हुआ। सड़क निर्माण के साथ ही एक वर्ष में ही जमीन की कीमत दो गुना से भी अधिक बढ़ गई। वर्ष 2022 में जब देवरिया शहर का सबसे लंबा बाईपास सोनू घाट चौराहे के पास से बनने की बात आई तो अचानक ही जमीन की कीमत तेजी से बढ़ी और सड़क के किनारे की जमीनें 20 से 25 लाख रुपये कट्ठा तक पहुंच गईं। ध्रुव की इस चौराहे के पास 42 कट्ठा जमीन है। अगर वर्तमान बाजार रेट पर देखें तो इस जमीन की कीमत करीब 112 से 15 करोड़ रुपये होगी। मुंडेरा बुजुर्ग निवासी जगमोहन सिंह ने बताया कि मुंडेरा बुजुर्ग और भरौली चौराहे के बीच बाईपास सड़क जहां से शुरू हो रही है, वहां जमीन की कीमत बहुत तेजी से बढ़ी है। मुंडेरा बुजुर्ग निवासी राजेंद्र खरवार ने बताया कि सड़क निर्माण के साथ ही जिन जमीनों को कोई पूछता नहीं था, वह भी अब 20-25 लाख रुपये कट्ठा के भाव बिकने लगी हैं।
-
बरहज वाली सड़क चौड़ी हो तो फिर बढ़ेगा रेट
सोनू घाट चौराहे से बरहज के लिए सड़क जाती है। इस सड़क पर लोड अधिक है और इसके भी चौड़ीकरण की बात कही जा रही है। लोगों का कहना है कि अगर इसको भी फोरलेन किया गया तो फिर सोनू घाट और उसके पास की जमीनें और कीमती हो जाएंगी। इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए भी प्रस्ताव है। ऐसे में लोग भविष्य को देखते हुए यहां जमीन खरीदने लगे हैं। इसका असर यह हुआ है कि देवरिया से सोनू घाट के बीच लगभग सड़क के किनारे कहीं जमीन खाली नहीं है।