सहकारी समिति के सचिव के घर नकदी समेत पांच लाख की चोरी
भटनी। भरहेचौरा गांव निवासी सहकारी समिति के सचिव के घर से बुधवार की रात नकदी समेत पांच लाख के आभूषण चोरी हो गए। चोर आधी रात को छत के रास्ते घर में घुसे और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। रात में परिवार के एक सदस्य की नींद खुलने पर मुख्य दरवाजा खुला देख उसने शोर मचाया तब परिवारीजनों को घटना की जानकारी हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ परिवार व गांव के लोगों ने पूरी रात चोरों को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन पता नहीं चला। सुबह गांव के बाहर खेत में एक बाक्स और कुछ कपड़े मिले।
भटनी के भरहेचौरा गांव के छावनी टोला निवासी रामअशीष यादव मोतीपुर न्याय पंचायत के सहकारी समिति के सचिव हैं। वे गांव के बाहर हरिओम चौराहे पर मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार की रात भोजन के बाद परिवार के सभी सदस्य करीब दस बजे सोने चले गए। देर रात तकरीबन डेढ़ बजे परिवार के एक सदस्य की नींद खुली तो मुख्य दरवाजा खुला देख उसके होश उड़ गए। शोर मचाने पर सभी घर वाले जाग गए। परिवारीजनों ने घर की तलाशी ली तो 25 हजार नकदी, गले का दो हार, नथिया, टीका, मंगलसूत्र, पायल, अंगूठी, करधन और कीमती कपड़े गायब मिले। कुछ ही देर में गांव वालों की भीड़ जुट गई। इसी बीच परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो चोरी छत के रास्ते होने की बात उजागर हुई। इस बाबत एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।