पंचायत में दुष्कर्म पीड़िता को पांच लाख रुपये देकर कराया सुलहनामा
बरहज (देवरिया)। मदनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में पंचायत ने दुष्कर्म पीड़िता को आरोपी से पांच लाख रुपये दिलवाकर सुलहनामा करवा दिया। पीड़िता ने पुलिस को लिखित रूप से दे दिया है कि कानूनी कार्रवाई नहीं करनी है। रविवार को सुलहनामा का कागजात सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था।
थाना क्षेत्र के गांव में सोमवार की रात करीब दस बजे 17 वर्षीय किशोरी से प्रधान द्वारा दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया था। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी थी। पंचायत में पीड़िता को करीब पांच लाख रुपये देकर मामले को रफा-दफा कर दिया गया है।
रविवार को किशोरी से दुष्कर्म मामले में सुलहनामा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पीड़िता के अलावा प्रथम पक्ष, गवाह और लेखक का बाकायदा नाम अंकित है। किशोरी की ओर से ग्राम प्रधान के विरुद्ध दिए गए प्रार्थना पत्र को बढ़ा-चढ़ा कर लिखा जाना बताया गया है। जो बिना किसी जोर-जबरदस्ती के अपनी मर्जी से सुलह-समझौता किए जाने की बात कही है। पुलिस का कार्रवाई न करना और समझौता हो जाना चर्चा में है। इस संबंध में मदनपुर थानाध्यक्ष बीबी राजभर ने बताया कि केस दर्ज नहीं किया गया है। जबकि सुलह-समझौता की बात पर उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।