आरटीपीसीआर लैब में बिजली की समस्या, जांच बाधित
- गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजे गए 1600 से अधिक नमूने
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला अस्पताल परिसर स्थित आरटीपीसीआर लैब में वोल्टेज की समस्या के कारण जांच का कार्य बाधित हो गया है। ऐसे में सैंपल जांच के लिए बृहस्पतिवार को गोरखपुर मेडिकल कालेज भेजा गया गया।
कोरोना जांच के लिए जिला अस्पताल परिसर में आरटीपीसीआर लैब स्थापित किया गया है। दो दिन से लैब में बिजली की समस्या आ गई है। वोल्टेज के अप-डाउन होने के कारण जांच कार्य में दिक्कत हो रही है। बुधवार को रूक-रूक किसी तरह कार्य किया गया, लेकिन परेशानी बढ़ने पर बृहस्पतिवार को कार्य बंद कर दिया गया। पूरे जनपद से एकत्र करीब 16 सौ से अधिक सैंपल को जांच के लिए मेडिकल कालेज गोरखपुर भेजा गया। यह जानकारी लैब के प्रभारी डॉ. अकील अहमद ने दी। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्र ने कहा कि आरटीपीसीआर लैब में वोल्टेज की समस्या आ रही है। मैकेनिक को निर्देश दिया गया है, जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।