संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। महुरांव गांव निवासी सुमंत यादव की हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया है। सोमवार की शाम पोस्टमार्टम से शव घर पहुंचने पर परिजन शव दरवाजे पर रख बैठे हुए है।
जानकारी पर पहुंची पुलिस नाराज परिजनों को मनाने में जुटी है लेकिन परिजन अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई करने की बात कह रही है। हालांकि परिजनों के आरोप पर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है जबकि तीन की तलाश में जुटी है।
बता दें कि महुराँव गांव निवासी सुमंत यादव बुधवार को घर से अचानक लापता हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस उसे ढूंढ रही थी कि शुक्रवार को बनकटा शिव गांव स्थित छोटी गंडक में उसका शव तैरता हुआ मिला। मुम्बई से घर पहुंचे भाई और पिता की ओर से शव की शिनाख्त के बाद रविवार की रात पुलिस ने उसकी पहचान की। परिजनों ने सुमन्त की हत्या होने की बात कहते हुए गांव के ही चार युवकों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। शव की शिनाख्त के बाद सोमवार को उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शाम को जब सुमन्त का शव घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया।
परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक चारों आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मामले में पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
वही मामले में संदिग्ध एक युवती से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि परिजन हत्या का आरोप लगाकर शव का अंतिम संस्कार करने से मना किया है।