29 से 04 मई तक शहर के इंदिरा गांधी बालिका इंटर कॉलेज टाउन हाॅल में चलेगा प्रशिक्षण
93 मास्टर ट्रेनर दो पालियों में 6368 पीठासीन अधिकारी/मतदान अधिकारी प्रथम को देंगे प्रशिक्षण
टाउन हाॅल के 18 कमरों में चलेगा प्रशिक्षण, प्रथम में 600 तो दूसरी पाली में 660 मतदान कर्मी लेंगे ट्रेनिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लोकसभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए लगाए गए पीठासीन अधिकारी/मतदान अधिकारी प्रथम का प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से शहर के इंदिरा गांधी बालिका इंटर कॉलेज टाउन हाल में शुरू होगा। 29 अप्रैल से चार मई तक दो पालियों में कुल 6368 कार्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।प्रशिक्षण में अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी मतदान कार्मिक प्रत्युष कुमार पांडेय ने बताया कि 29 मई को सुबह 10 बजे से 01 बजे तक प्रथम पाली में 600 एवं दोपहर 02 बजे से 05 बजे तक द्वितीय पाली में भी 600 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी तरह चार मई तक कुल 6368 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। समस्त पीठासीन अधिकारी/मतदान अधिकारी प्रथम को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण लेकर चुनाव कार्य को सकुशल संपन्न कराएंगे।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
93 मास्टर ट्रेनर कुल 6368 पीठासीन व प्रथम मतदान अधिकारी को देंगे ट्रेनिंग
जिला सोमवार से पूरी तरह से चुनावी मोड में आ जाएगा। लोकसभा चुनाव को सकुशल माहौल में संपन्न कराने के लिए कर्मियों का प्रशिक्षण सोमवार से शुरू हो रहा है। कर्मियों को 93 मास्टर ट्रेनिंग देंगे। इसमें एक राज्यस्तरीय तो दो जिलास्तरीय के साथ 90 मास्टर ट्रेनर शामिल हैं। जो जिले के कुल 6368 पीठासीन व प्रथम मतदान अधिकारी को ट्रेनिंग देंगे।
टाउन हाॅल के 18 कमरों में एक साथ दिया जाएगा प्रशिक्षण
पीठासीन पदाधिकारी व प्रथम मतदान अधिकारी का प्रशिक्षण सोमवार से टाउन हाॅल के 18 कमरों में चलेगा। प्रतिदिन दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहली पाली 600 तो दूसरी पाली में 600 कर्मियों का प्रशिक्षण होगा। एक कमरे में 30 तो किसी में 50 कर्मियों के बैठने की व्यवस्था है।