तेल टैंकर चालकों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापसी के लिए चक्का जाम, दस जनपदों की आपूर्ति प्रभावित
बैतालपुर। आयल डिपो के आसपास पिछले शनिवार को तेल के धंधेबाजों के खिलाफ छापा में पकड़े गए पांच टैंकर चालकों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने के लिए बुधवार की सुबह टैंकर चालकों ने हड़ताल कर दी। इससे दस जनपदों की तेल आपूर्ति ठप हो गई। करीब 9 घंटे तक छह सौ टैंकरों के पहिए थमे रहे। एसडीएम सदर सौरभ सिंह और थानाध्यक्ष अनिल पांडेय ने टैंकर चालकों से वार्ता की और जांचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद आयल फिलिंग का कार्य शुरू हुआ।
इंडियन आयल डिपो, भारत पेट्रोलियम और हिन्दुस्तान आयल कारपोरेशन से जुड़े 600 से अधिक टैंकर चालकों ने सुबह ही हड़ताल शुरू कर दिया। पांच टैंकर चालकों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के लिए चक्का जाम कर दिया और नारेबाजी करने लगे। करीब 9 घंटे बाद एसडीएम सदर और थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच चालकों से वार्ता की। काफी जद्दोजहद के बाद एसडीएम ने जांचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया तो चालक मान गए। इसके बाद फिलिंग का कार्य शुरु किया। इसके पूर्व प्रदर्शन कर रहे एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि टैंकर चालकों को प्रशासन ने जबरन पकड़कर मुकदमा दर्ज किया है। उनका कहना है कि प्रशासन को अगर अवैध तेल कारोबारियों पर छापा डालना थी तो इतनी सुबह क्यों छापा डाला। प्रदर्शन के दौरान टैंकर चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष रामाधीन सिंह, सरवन कुमार, भागवत निषाद, गुड्डू गुप्ता, बंशीलाल, मनमोहन, रामभवन धोबी, योगेंद्र गुप्ता, तेजप्रताप दुबे, उत्तम तिवारी, संतोष उपाध्याय, अजय चौरसिया, गयासुद्दीन, अनिल, मुकेश, नियाज, सुरेश, रामभजन, उपेंद्र सिंह, दशरथ आदि शामिल रहे।