मॉकड्रिल से परखीं कोविड से निपटने की तैयारियां
देवरिया। कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से मुकाबले की तैयारियों को शुक्रवार को मॉकड्रिल के जरिए परखा गया। नोडल अधिकारी आरएफपीटीसी गोरखपुर की प्रिंसिपल डॉ. नूपुर श्रीवास्तव ने गौरीबाजार सीएचसी के पीकू वार्ड का जायजा लिया। जिला अस्पताल के एमसीएच विंग स्थित पीडियाट्रिक आईसीयू का सीएमओ, एडीएम प्रशासन, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ की मौजूदगी में मॉकड्रिल हुआ। उन्होंने सुविधाओं और उपकरणों को देखा।
शुक्रवार को एमसीएच विंग में सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय, एडीएम कुंवर पंकज, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. अंकुर सांगवाग पहुंचे। इसके बाद कोरोना के संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों का पूर्वाभ्यास हुआ। इस दौरान उन्होंने 57 बेड के पीडियाट्रिक आईसीयू का निरीक्षण किया। इसमें बीस बेड वेंटीलेटरयुक्त तथा 37 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा है। उन्होंने बेड की, दवा, उपकरण, इमरजेंसी दवाओं की उपलब्धता के बारे में शासन से निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार जानकारी ली तो उपकरण, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर व दवाएं पर्याप्त मात्रा मिलीं। साथ ही कमियों को दूर करने का निर्देश दिया।
वेंटीलेटर, वाइपैप, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, ऑक्सीजन पाइप लाइन को देखा। इसके बाद ऑक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता को देखा। उन्होंने सभी स्टाफ के प्रशिक्षण एवं पीकू वार्ड में काम करने की दक्षता की जानकारी ली। बताया गया कि स्टाफ मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षित किए गए हैं। इस दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एचके मिश्रा, डॉ. तैयब अली, डॉ. सुनील सिंह, डॉ. अजीत गुप्ता, डॉ. तारकेश्वर नाथ, नर्स मेंटर ज्योति तिवारी, कृति श्रीवास्तव, स्टाफ नर्स ममता चौहान, फार्मासिस्ट शेषनाथ चौहान, राजेश आदि मौजूद रहे।
सीएचसी के पीकू वार्ड पर हुआ मॉकड्रिल
सीएचसी गौरीबाजार, रुद्रपुर, पिपरा दौला कदम में 12-12 बेड तथा लार में 20 बेड का पीकू वार्ड तैयार किया गया है। यहां भी मॉकड्रिल के जरिए कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों को परखा गया। नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने लार, एसीएमओ डॉ. संजय चंद व एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने रुद्रपुर तथा एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने पिपरा दौलाकदम सीएचसी का निरीक्षण किया और वहां की तैयारियों को परखा।
एडीएम प्रशासन ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
देवरिया। मॉकड्रिल में आए एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। इसके बाद ओपीडी का जायजा लिया। इसके बाद वे पीआईसीयू तथा चिल्ड्रेन को देखा। साथ ही महिला तथा पुरुष मेल व सर्जिकल वार्ड का निरीक्षण किया। इसके बाद लौट गए। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्रा व अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।