संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। पुलिस की पहल पर प्रेमी युगल (युवक-युवती) के परिजन मान गए। पुलिस की मौजूदगी में थाने के मंदिर में दोनों ने सात फेरे लिए। परिजनों के साथ ही इसके गवाह पुलिस कर्मी भी बने।
बरहज थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक व खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती एक दूसरे से प्रेम करते थे। प्रेमी के मुताबिक उसे बाहर जाना था। प्रेमिका ने बाहर जाने से पहले उससे मिलने की बात कही। शुक्रवार दोपहर वह प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच आया। इसी बीच काम करने बाहर गई प्रेमिका की मां घर पहुंच गई। उसने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। बात जब गांव भर में फैली तो लोग उसकी पिटाई की बात करने लगे। कुछ लोगों के हस्तक्षेप से मामला थाने पहुंचा। शनिवार की सुबह पुलिस ने प्रेमी युगल के परिजनों को थाने बुलाया। यहां पुलिस के समझाने पर दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। शाम को थाना परिसर स्थित राम जानकी मंदिर में सात फेरे लिए। विवाह के बाद मंदिर परिसर में उपस्थित लोगों का प्रेमी युगल ने आशीर्वाद लिया और मिठाइयां बांटी। एसओ नवीन कुमार चौधरी ने बताया कि प्रेमी युगल है। दोनों सजातीय भी हैं। उन्होंने शादी करने की सहमति जताई। इसके बाद दोनों के परिजनों के सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया। दोनों की मंदिर में शादी हुई है।