रामपुर बुजुर्ग/ भाटपाररानी। विकास खंड बनकटा के ग्राम पचरुखिया में मिले मंकीपाॅक्स के संदिग्ध रोगी के घर शनिवार को लखनऊ से आई टीम जिले की चिकित्सकीय टीम के साथ पहुंची।
टीम ने क्वारंटीन हुए घर के एक सदस्य से दूरी बनाकर पूछताछ की। टीम ने घर के सदस्यों के क्वारंटीन रहने के साथ उनके खाने-पीने और दवा आदि की जानकारी ली। गांव में दवा आदि के छिड़काव के बारे में भी जानकारी ली गई। इसके बाद टीम लौट गई। बनकटा क्षेत्र के पचरुखिया गांव के 35 वर्षीय एक व्यक्ति अरब देश के दुबई में काम करता है। वहां उसे पहले बुखार आया और शरीर में चकत्ते निकलने लगे।
अस्पताल के चिकित्सकों ने मंकीपाॅक्स के संदेह होने में तत्काल उसे देश छोड़ने को कहा। वहां के प्रशासन ने इसे देश भेज कर सूचना भी दे दी। वह लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के बाद अपने घर पहुंचा।
घर पहुंचने के बाद यहां की स्वास्थ्य टीम हरकत में आई और 30 अप्रैल को एंबुलेंस से उसे देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया लाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। गांव पहुंची टीम में एसीएमओ, एपिडेमियोलॉजी आदि के विशेषज्ञ शामिल रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. ओमप्रकाश भार्गव ने बताया कि लखनऊ और जनपद की संयुक्त टीम जांच व पूछताछ के बाद के बाद वापस लौट गई।
संयुक्त टीम में लखनऊ से आए अंकुश शक्ला, डॉ. राहुल, डॉ. अंकिता सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व एसीएमओ डॉ. हरेंद्र कुमार, एपिडेमियोलॉजिस्ट राजीव भूषण पांडेय आदि शामिल रहे।