संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के नोडल अधिकारी एवं उच्च शिक्षा सचिव शमीम अहमद खान ने सोमवार शाम महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और खरीदारी के लिए जेम पोर्टल का प्रयोग करने की सलाह दी। जिला अस्पताल की वायरोलॉजी लैब में भी गए, जहां उन्हें कोई स्टाफ नहीं मिला। इस पर नाराजगी व्यक्त की।
कांफ्रेंस हाल और केमिस्ट्री लैब को देखा और आवश्यक सलाह दी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित होने वाली देवरहा बाबा की प्रतिमा का डिजाइन तैयार कर शासन को मंजूरी के लिए भेजने को कहा।
डीआईओएस कार्यालय के भवन को अत्यंत जर्जर अवस्था में पाया और अभिलेखों का रख-रखाव ठीक न होने पर नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद नोडल अधिकारी ने पुलिस लाइन में बन रहे नए आवासीय भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद नोडल अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और नवनिर्मित ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया।
मेगा वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत चकियाव ढाला स्थित नगरीय वैक्सीनेशन शिविर में भी नोडल अधिकारी पहुंचे। कर्मियों को अधिक से अधिक वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों प्रेरित करने को भी कहा। इस दौरान डीएम आशुतोष निरंजन, सीडीओ रवींद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय, मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मोहन वर्मा, एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. एचके मिश्रा, डॉ. अकील अहमद, उमेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
राजस्व में कमी पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विकास कार्यों के प्रभावी अनुश्रवण एवं स्थलीय निरीक्षण के लिए शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारी ने विकास सहित अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। विकास भवन के गांधी सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने राजस्व में कमी पर नाराजगी जताई। जिला प्रशासन को खनन और वन माफियाओं पर नजर रखने की सलाह दी।
चिकित्सा विभाग की समीक्षा में कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत बनाए जाने वाले गोल्डेन कार्ड में सक्रियता लाएं। झोलाछाप की धर-पकड़ और पीसीपीएनडीटी एक्ट से संबंधित कार्रवाई तेज की जाए। पीडब्ल्यूडी को सड़कें गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश दिए। विभिन्न योजनाओं में लंबित पत्रावलियों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर जनपद के लीड बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को तीन दिन के भीतर प्राथमिकता से निपटाने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन, सीडीओ रवींद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय सहित कई विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।