डॉक्टर को पता नहीं, उनके नाम पर चल रहा था अल्ट्रासाउंड सेंटर
सलेमपुर। मऊ जनपद के एक डॉक्टर की शिकायत पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर के एक्सरे एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा। खामियां उजागर होने पर सेंटर को सील कर दिया गया। संचालक चकमा देकर भाग निकला। विभाग के कार्रवाई के बाद से नगर में अवैध तरीके से चल रहे अन्य सेंटरों पर धड़ाधड़ ताला बंद हो गया।
तहसील क्षेत्र में अवैध तरीके से विभिन्न प्रमुख बाजारों व कस्बों में अल्ट्रासाउंड व पैथालोजी सेंटर चल रहे हैं। मऊ जनपद के डॉ.एनएन पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग को लिखित शिकायत की थी कि उनकी बिना अनुमति के नगर के राजपूत कटरा में जनसेवा एक्सरे एंड अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को जनसेवा एक्सरे एंड अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापा मारा। जनसेवा एक्सरे एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित और वहां बोर्ड पर डॉक्टर का नाम लिखा मिला। जांच के दौरान कई खामियां उजागर हुईं। मौके पर दो मरीज मिले। संचालक टीम को चकमा देकर भाग निकला। सेंटर संचालन से संबंधित कोई वैध कागजात मौके पर नहीं मिला। एसीएमओ राजेंद्र प्रसाद, सीएचसी प्रभारी डॉ. अतुल कुमार, अरुण शाही की मौजूदगी में सेंटर को सील कर दिया गया। इस बाबत सीएचसी के प्रभारी डॉ. अतुल कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद टीम पहुंची थी। जनसेवा एक्सरे एंड अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील कर दिया गया।