दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहे गैंगेस्टर के घर की हुई कुर्की
रामपुर कारखाना। स्थानीय थाना क्षेत्र के गैंगस्टर एक्ट के आरोपी के घर की पुलिस ने कुर्की की है। दो थानों की पुलिस ने सामान थाने में जमा कर दिया। आरोपी पर वर्ष 2015 में दोहरे हत्याकांड में शामिल होने पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मुड़ेरा तिवारी गांव निवासी राम ध्यान सिंह पर वर्ष 2015 में गैंगस्टर लगाया गया था। आरोपी पर 2015 में हुए दोहरे हत्याकांड में शामिल होने का आरोप है। मामले की विवेचना बघौचघाट प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय कर रहे हैं। 6 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार छापेमारी की। लेकिन आरोपी गिरफ्त में नहीं आया। बघौचघाट पुलिस ने कोर्ट में कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद मंगलवार को बघौचघाट थानेदार, एसआई रविंद्र नाथ यादव, कृष्णानंद कुशवाहा, अभिषेक तिवारी समेत दर्जनभर पुलिसकर्मी गांव पहुंचे। रामपुर कारखाना थाने के दो सिपाही भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने आरोपी के घर की कुर्की कर सामान थाने भिजवा दिया। बघौचघाट थानेदार ने बताया कि गैंगस्टर के आरोपी के घर की कुर्की की गई है। गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है।