कोरोना : सैंपल कोने पड़ा देख लोगों ने किया हंगामा
सलेमपुर। कोरोना जांच के लिए सैंपल पांच दिन तक कोने में रखकर छोड़ दिया गया। इसका खुलासा तब हुआ जब रिपोर्ट लेने लोग पहुंचे। लोगों ने हंगामा किया तो जिम्मेदारों ने सैंपल को जिला अस्पताल भेजवाया।
सीएचसी सलेमपुर व न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री बाजार पर कोविड जांच को लेकर हर रोज लोग पहुंच रहे हैं। 26 से 30 अप्रैल तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री बाजार के करीब तीन सौ से अधिक सैंपल लिए गए। हर रोज सैंपल जिला अस्पताल जांच के लिए भेज देना चाहिए, लेकिन सीएचसी के जिम्मेदारों की लापरवाही से पांच दिन से सैंपल अस्पताल के एक कोने में पड़ा था। कुछ लोग अस्पताल पर पहुंचे और रिपोर्ट न आने पर नाराजगी जताई। पूछताछ के बाद पता चला कि जांच के लिए सैंपल ही नहीं भेजे गए हैं। इसके बाद भाजपा नेता प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। यह देख अस्पताल के कर्मचारियों ने आनन फानन सैंपल जिला चिकित्सालय के लिए बस से भेजवाया। इसके बाद मामला शांत हुआ। हंगामा कर रहे लोगों ने बताया कि सैंपल को सुरक्षित जगह पर भी नहीं रखा गया था। सैंपल की जांच जब पांच दिन बाद होगी तो उसकी रिपोर्ट कैसी आएगी। प्रभारी अधीक्षक डॉ. बीके मिश्र ने बताया कि सैंपल भेजने की जानकारी मुझे नहीं थी। मैं कुछ दिन के लिए अधीक्षक बनाया गया हूं। चिकित्साधीक्षक अवकाश पर हैं। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने कहा कि इसकी जानकारी नहीं है और न ही किसी ने शिकायत की है। बावजूद इसके, बात करता हूं।