चेहरा ढके कार सवारों ने युवक को किया अगवा
लार। एक कार में चेहरा ढके बैठे चार लोगों ने हाइडिल तिराहा से एक युवक को कार में बैठा लिया। शोर मचाने पर लार रोड की तरफ भाग निकले। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। हालांकि, पुलिस अपहरण की घटना से इनकार कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामजानकी मार्ग पर हाइडिल तिराहा के समीप पेट्रोल पम्प के सामने एक कार में सवार चार नकाब पोश पहुंचे। यहां सड़क के किनारे खड़े एक युवक को खींचते हुए हाथ पैर बांध गाड़ी में धकेलने की कोशिश करने लगे। इस पर युवक ने विरोध किया तो थप्पड़ जड़ उसे कार में डाल दिए। सरेराह घटना होता देख किसी ने युवक को बचाने की साहस नहीं दिखाया। बगल में एक चाय की दुकान पर बैठे हिंदू युवा के जिलामंत्री अरुण कुमार सिंह गुड्डू चीख-पुकार सुनकर दौड़े। यह देख कार सवार भागने लगे। पीछा करते हुए उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर अलर्ट हुई पुलिस कार सवारों की तलाश में जुट गई। वहीं दिनदहाड़े हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। मय फोर्स पहुंचे प्रभारी निरीक्षक बरजोर सिंह ने सड़क के किनारे व पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज को घटों खंगाला। पर घटना से जुड़ी कोई फुटेज नहीं मिली। प्रभारी निरीक्षक बरजोर सिंह ने बताया कि लोगों द्वारा सूचना पर गया था। घटना से जुड़ी कोई फुटेज सामने नहीं आई है। मामले में कोई तहरीर भी नहीं मिली है। फिर भी पुलिस अपने अनुसार जांच कर रही है।