एसी के पाइप में लीकेज से बंद रही एक्स-रे मशीन
दर्द से कराहते रहे मरीज, करंट उतरने के डर से कर्मचारियों ने एक्स-रे करने की नहीं जुटाई हिम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के एक्स-रे कक्ष के एसी का पाइप लीकेज होने के वजह से सोमवार को मरीजों का एक्स-रे नहीं हो सका। दर्द से कराह रहे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ समय बाद प्राचार्य को पूरे मामले के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद भी कमी दूर नहीं हुई तो जिम्मेदार मरीजों को सलाह देने लगे कि बहुत जरूरी हो तो प्राइवेट में एक्स-रे जाकर करा लो, पता नहीं एसी मिस्त्री कब तक आएगा।
सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की तादाद अक्सर बढ़ जाती है। सुबह करीब नौ बजे जब एक्स-रे कक्ष का ताला खुला तो कर्मचारियों ने करंट के डर से मशीन नहीं चालू की। कारण यह कि एसी का पाइप लीकेज होने के कारण मशीन के आसपास पानी जमा हो गया था। इससे कर्मचारियों को डर था कि मशीन चलने पर बड़ा हादसा हो सकता है। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि मिस्त्री आकर कमी दूर कर देगा। घंटों इंतजार के बाद मिस्त्री नहीं पहुंचा। वहीं, एक्स-रे कराने वालों की लंबी लाइन होने के कारण मरीजों को काफी दिक्कतें हो रही थीं। हादसों में घायल कुछ मरीज दर्द से स्ट्रेचर पर कराह रहे थे। कुछ मरीजों के तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों को समस्या के बारे में जानकारी दी। इसके बाद भी पूरे दिन एक्स-रे कराने के लिए भटकते रहे। कुछ मरीज को इमरजेंसी होने के कारण बाहर से एक्स-रे कराना पड़ा।
मरीजों ने कहा
एक घंटे से अधिक समय से यहां पर लाइन लगाकर खड़ा हूं। कब एक्स-रे कराने की बारी आएगी, इसका कोई ठिकाना नहीं है। केवल यही कहा जा रहा है कि मिसत्री को बोला गया है। जब आएगा, तभी हो पाएगा। कहा जा रहा है कि जरूरी हो तो प्राइवेट में करा लो।
-विनय कुुमार, पैकौली
एक्स-रे न होने से मरीज को काफी दिक्कत हुई है। सुबह से ही लाइन में खड़ी हूं कि कब मशीन चालू होगी। यहां पर बैठने के लिए भी जगह नहीं है। फर्श पर बैठकर अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रही हूं्। कोई सही बता भी नहीं रहा है कि कब ठीक होगा।
- सुनीता देवी, तिलई बेलवा
मरीज दर्द से कराह रहा है और जिम्मेदार गंभीरता से नहीं ले रहे है। जिम्मेदार लोगों को बताया जा चुका है लेकिन दोपहर हो गई और मिस्त्रीनहीं आया है। अब एक्स-रे नहीं होगा तो निराश होकर जाना पड़ेगा और दूसरे दिन आना पड़ेगा।
-संजीव कुमार, विशुनपुर कला
करीब दो घंटे से अधिक का समय हो गया और एक्स-रे मशीन बंद है। कर्मचारी से पूछने पर कहते हैं कि करंट मशीन में उतर जाएगा। जिम्मेदार अफसरों से कहने पर कहते हैं कि मिस्त्री को बोल दिया गया है। वह पहुंचता ही होगा। यह घोर लापरवाही है।
-जितेंद्र प्रसाद, विशुनपुर कला
कोट:
एसी के पाइप लीकेज के कारण पानी टपक रहा था। इसकी वजह से एक्स-रे का काम प्रभावित हुआ है। जल्द ही इसे ठीक करा लिया जाएगा। मरीजों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। पुरानी मशीन चल रही है। केवल डिजिटल एक्स-रे का काम प्रभावित है।
-डॉ. एचके मिश्र, प्रभारी चिकित्साधीक्षक