संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव मेंं किराना दुकानदार 35 वर्षीय अब्दुल मन्नान ने शुक्रवार की दोपहर में छत के कुंडे से लटक कर जान दे दी। जुमा की नमाज पढ़ने के लिए जब वह बाहर नहीं निकला तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की तो शव लटका पाया गया।
परिवार वालों ने बताया कि अब्दुल मन्नान कर्ज के बोझ से दबा था, इसलिए परेशान रहता था। जानकारी के अनुसार, विशुनपुरा गांव निवासी अब्दुल मन्नान पुत्र स्व. गफ्फार की गांव में ही किराना की दुकान थी। दुकान के पीछे सोलर प्लांट से आटा चक्की भी लगा रखी थी।
परिवार वालों ने बताया कि दुकान और आटा चक्की के लिए अब्दुल मन्नान ने कई बैंकों से कर्ज ले रखा था। अधिक कर्ज होने और दुकान अच्छा नहीं चलने से वह दो माह से काफी परेशान था।
शुक्रवार की दोपहर में जुमे की नमाज से ठीक पहले वह आटा चक्की पर गया। इसके बाद छत के कुंडे से रस्सी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने शव को तरवाया। परिवार के लोगों से पूछताछ के बाद अग्रिम कार्रवाई की।
मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी अंजुम आरा, तीन वर्षीय बेटा आसिफ दहाड़े मारकर रोने लगे। थोड़ी देर बाद ही ग्राम प्रधान इश्तियाक खान समेत ग्रामीण अब्दुल मन्नान के घर पहुंचे। थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।