बस की चपेट से बाइक सवार युवक की मौत
गौरी बाजार। देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर गौरी बाजार थाना क्षेत्र के नौगांवा मोड़ के पास अनुबंधित बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बस में फंसी बाइक दो किमी तक घिसटती रही। बस चालक सवारियों को उतार कर फरार हो गया। घटना के बाद पहुंचे परिजनों ने युवक की पहचान की।
रविवार की दोपहर में गौरी बाजार थाना क्षेत्र के नौगांवा मोड़ के पास गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर बाइक सवार युवक तेज गति से आ रही अनुबंधित बस के सामने से बाइक सवार युवक चपेट में आ गया। युवक की बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और युवक सड़क किनारे जा गिरा। गौरी बुजुर्ग गांव के पास तक बाइक को घसीटते हुए बस चालक ले गया। वहां बस को रोका और कूदकर फरार हो गया। डरे सहमे यात्री भी मौके से निकल गए। जबकि दूसरी तरफ गौरी बाजार से गोरखपुर की तरह जा रहे गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक को पुलिस ने आसपास के लोगों के सहयोग से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बस को थाने लेकर पुलिस चली आई। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने युवक की पहचान गौरी बाजार थाना क्षेत्र के पुरूषोतमपुर गांव निवासी पंकज निषाद (22) के रूप में की है। एसओ अनिल पांडेय ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है, वाहन चालक की तलाश की जा रही है।