चार पहिया वाहन की चपेट से दरवाजे पर खेल रही बच्ची की मौत
रुद्रपुर। दरवाजे के सामने सड़क पर खेल रही बच्ची चार पहिया वाहन की चपेट में आ गई। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह अपने नाना के घर घूमने आई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के अकटहा गांव के उमेश निषाद की सुसराल नगर से सटे रामचक गांव में है। उनकी पत्नी संजू देवी अपनी दो बेटियों अनुष्का (05) और अंशिका (03) को लेकर कुछ दिनों से मायके में है। रविवार को अंशिका दरवाजे पर खेलते हुए सड़क पर पहुंच गई। इस दौरान चार पहिया वाहन की चपेट में आ गई। मासूम की मौत के बाद चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। बेटी की मौत पर मां बेजार होकर रोने लगी। कोतवाल ब्रजेश कुमार मिश्र ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम कराने को भेजा गया है। तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।