रास्ते के विवाद में मारपीट के दौरान शख्स की मौत, गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में की तोड़फोड़, पांच पुलिस हिरासत में
रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के भालीचौर गांव में मंगलवार की सुबह करीब छह बजे रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान चोट लगने से एक शख्स की घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार वालों ने आरोपियों के घर पर धावा बोल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से बचाकर पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना में मृतक के परिवार वालों ने अभी तहरीर नहीं दी है। गांव में फोर्स लगा दी गई है। एसपी डॉ श्रीपति मिश्र ने घटना स्थल का दौराकर पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। भालीचौर उतर टोला गांव निवासी रामप्रीत निषाद (55) का उनके बगलगीर से रास्ते का विवाद है। मंगलवार सुबह बरसात का पानी निकालने के लिए दोनों पक्षों में नोकझोंक शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में मामला मारपीट में बदल गया। इसी दौरान चोट ल्रगने से रामप्रीत निषाद गिर गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची तो मामला गंभीर हो गया था। मृतक के परिवार वाले आरोपियों के घर पर धावा बोलकर तोड़फोड़ करने लगे। आरोपी अपने घर में छिपे थे। तभी कुछ युवकों ने छत पर चढ़कर मकान में घुसने का प्रयास किया। सीओ अंबिका प्रसाद और कोतवाल बृजेश कुमार मिश्र ने काफी सूझबूझ का परिचय देकर घर के अंदर से आरोपियों को बाहर निकाला और भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। आरोपियों के बाहर निकलते ही भीड़ हमलावर होने लगी। पुलिस ने कंट्रोल कर लिया। पुलिस पांच आरोपियों विजय बहादुर विश्वकर्मा, ममता, अंजु, रीमा और संजना को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मौके पर रामलक्षन चौकी और रुद्रपुर थाने की फोर्स लगा दी गई है। इस बाबत कोतवाल बृजेश मिश्र ने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था कायम है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।