देवरिया। मेडिकल कॉलेज में सोमवार को मरीजों की काफी भीड़ रही। इसकी वजह से व्यवस्था पर असर पड़ा। अस्पताल में करीब साढ़े तीन हजार से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे थे, जिसके चलते हर जगह भीड़ रही। मरीजों को एक से डेढ़ घंटे प्रतीक्षा करनी पड़ी। आर्थो सहित कुछ जगह पहले दिखाने को लेकर तीमारदार भिड़ गए और नोकझोंक हुई। कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई। भीड़ को सहेजने में सुरक्षा कर्मी व कर्मचारी जुटे थे।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में काफी भीड़ रही। जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा बिहार के सीमावर्ती इलाके के लोग इलाज कराने पहुंचे। सुबह आठ बजे से रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लाइन लग गई, जो दोपहर करीब दो बजे तक रही। इलाज कराने के लिए करीब तीन हजार लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इसके अलावा पुराने मरीज और तीमारदार भी थे। पर्ची लेने के बाद मरीज ओपीडी में पहुंचे और लंबी लाइन लग गई। मेडिसिन में डॉ. सराजद्दीन, डॉ. विश्वजीत, डॉ. प्रांजल ने 450 से अधिक मरीजों का इलाज किया। यहां सुबह 11 बजे तक लंबी कतार थी। बगल से जाने पर लोगों ने हल्ला मचाया। आर्थों में काफी भीड़ रही। डॉ. रजनीश, डॉ. शंभू ने 485 मरीजों का इलाज किया। दोपहर करीब एक बजे एक कक्ष में पहले दिखाने को लेकर तीमारदार भिड़ गए और नोकझोंक होने लगी। सुरक्षा कर्मी ने शांत कराया और लाइन को ठीक कराया। बगल के कक्ष में अधिक संख्या में मरीज एक साथ घुस गए और बाहर हो-हल्ला होने लगा, जिससे परेशानी हुई। कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी ने शांत कराया। सर्जरी में विभाग में भी लंबी कतार रही।