बारातियों से भरा वाहन से सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गया। बारातियों में से एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चार युवक भी घायल हो गए।
दो घायलों की हालत गंभीर देख सीएचसी के चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बालक की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया।
एकौना थाना के खोपा गांव के रहने वाले अमर साहनी के बेटे की बारात रविवार को गांव से बड़हलगंज क्षेत्र के नेवादा गांव जा रही थी। गांव से लोग बारात में शामिल होने को निकले।
बारातियों से भरी एक गाड़ी गांव से निकल कर हड़हा पहुंची तो एक बाइक सवार सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित हो गई।
बारातियों से भरी गाड़ी निर्माणाधीन सड़क के किनारे करीब पांच फीट नीचे जा गिरी। गाड़ी में सवार गांव के छेदीलाल यादव का बेटा मुकेश यादव 14 वर्ष, राहुल यादव 15 वर्ष , पंकज यादव 16 वर्ष, जोख और सुरेरंजन गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मुकेश यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल राहुल यादव और पंकज यादव की स्थिति गंभीर बनी है। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।