सलेमपुर। ट्रेन में सफर के दौरान कुछ लोगों ने एक मुसाफिर की पिटाई कर दी। साथ में मौजूद महिला ने विरोध किया तो मनबढ़ों ने छेड़छाड़ की और सामान लूट ले गए। इस मामले में भटनी जीआरपी ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है।
बरहज के पटेल नगर वार्ड निवासी गोपाल निषाद परिवार के साथ मंगलवार दोपहर में बरहजिया ट्रेन से बरहज से सलेमपुर आ रहे थे। रास्ते में तीन युवक ट्रेन की बोगी में दाखिल हुए और ठेकेदार बताते हुए टिकट मांगा।
गोपाल ने टिकट दिया। टिकट वापस देने की बजाए वह लेकर जाने लगे। गोपाल ने विरोध किया तो तीनों युवक पिटाई करने लगे। बीच-बचाव करने पर साथ में मौजूद परिवार की महिलाओं के साथ युवकों ने बदसलूकी की और सात हजार रुपये भी लूट ले गए।
पीड़ित ने शिकायत सलेमपुर जीआरपी चौकी पर की लेकिन सिपाहियों ने कार्रवाई के बजाए टरका दिया। न्याय नहीं मिलने पर पीड़ित ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से शिकायत की, तब दो दिन गुरुवार को जीआरपी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ छेड़खानी, चोरी, मारपीट व बलवा का केस दर्ज किया। भटनी जीआरपी एसओ राजीव सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।