रुद्रपुर। पेट्रोल पंप पर घटतौली का मामला जांच के बाद खुलने लगा है। शुक्रवार को जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल की टीम ने रुद्रपुर क्षेत्र में पेट्रोल पंपों पर छापा मार कर नाप-तौल की जांच की। पांच पेट्रोल पंपों की सघन जांच की गई। घटतौली उजागर होने पर टीम ने उसरा और मदनपुर स्थित दो पेट्रोल पंप के तीन नोजल सीज कर दिया।
जिला पूर्ति अधिकारी केजी पांडेय के नेतृत्व में इंडियन ऑयल के सेल्स ऑफिसर नमन पांडेय, एसडीएम घनश्याम, नायब तहसीलदार डॉ. संजीव दीक्षित, पूर्ति निरीक्षक दुर्गा दत्त की टीम ने रुद्रपुर तहसील के मदनपुर, पकड़ी, उसरा और रुद्रपुर में पेट्रोल पंपों की जांच की। जांच के दौरान मदनपुर और उसरा में घटतौली का मामला उजागर हुआ। अनियमितता मिलने पर मदनपुर में इंडियन ऑयल के किसान सेवा केंद्र पर एक नोजल और उसरा बाजार में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अपना पंप पर दो नोजल सीज कर दिया गया। बताया गया कि उसरा और मदनपुर के पेट्रोल पंप पर डीजल मापने में घटतौली का मामला प्रकाश में आया। रुद्रपुर क्षेत्र में छापामारी के बाद पेट्रोल पंप मालिकों में हड़कंप मचा है। जांच टीम के अधिकारियों ने बताया कि पांच लीटर ऑयल की जांच में 25 मिली लीटर की कमी को मशीनी दोष माना जाता है। लेकिन 25 मिली से अधिक की कमी घपलेबाजी की श्रेणी में आएगा। मदनपुर और उसरा में जांच के दौरान करीब 35 मिली लीटर की घटतौली पाई गई। उसरा बाजार में दो और मदनपुर में पंप का एक नोजल सीज कर दिया गया है। घटतौली करने वाले पंपों के खिलाफ कार्रवाई होगी।