पड़री गजराज गांव के पास रेलवे लाइन के किनारे शराब की खुल रही नई दुकान का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ठेकेदार के वर्कर शराब बिक्री के लिए गुमटी ले जाकर वहां रख दिए। यह देखकर गांववाले भड़क गए और गुमटी को तोड़ दिया। शराब की दुकान खुलने पर लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
हाईवे, धार्मिक स्थल और घनी आबादी से दूर शराब की दुकान हटाने का आदेश जारी हुआ है। इसको लेकर शराब के ठेकेदार परेशान हैं। नई दुकान खुलने का चारों तरफ लोग विरोध कर रहे हैं। इससे दुकानें बंद हैं और शराब कारोबारियों का नुकसान हो रहा है। पड़री गजराज रेलवे ढाला के समीप ठेकेदार ने शराब की दुकान चलाने के लिए रविवार को गुमटी रखवाया। यह देखकर उसरहा, पड़री गजराज समेत कई गांव के लोग पहुंचे और गुमटी तोड़ दी। लोगों के तेवर देखकर ठेकेदार के वर्कर वहां से हट गए। इसके पूर्व इसी दुकान के विरोध में महिलाएं रेलवे ट्रैक पर करीब एक घंटे तक बैठी थीं। लोगों का कहना है कि घनी आबादी से सटी शराब की दुकान प्रशासन की शह पर खोली जा रही है। अगर दुकान जबरन खुली तो गांववाले विरोध करेंगे।