खुखुंदू/मगहरा (देवरिया)। दो युवकों के लखना परसिया में सेना की वर्दी में पांच संदिग्धों के देखने के दावे की तीसरे दिन भी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस और स्थानीय खुफिया विभाग के अधिकारी दोनों युवकों को रविवार को मौके पर ले गए और संदिग्धों के हुलिया से लेकर उनके जाने के रास्ते के बारे में पूछताछ की। संदिग्ध किस रास्ते से गए हैं, उनका नक्शा भी तैयार किया।
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, क्राइम ब्रांच के प्रभारी अनिल यादव, सर्विलांस प्रभारी राहुल सिंह रविवार को लखना परसिया गांव पहुंचे। जहां पर संदिग्धों को देखा गया था वहां पर दोनों चश्मदीद लखना के सर्वेश और भीखमचौरा के बबलू को बुलाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में अधिकारियों को युवकों ने पूर्व की बात ही दोहराई। सर्वेश का कहना था कि पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की। पुलिसवालों को संदेह है कि युवकों ने कहीं अफवाह तो नहीं फैलाई है। फिलहाल पुलिस पूछताछ के बाद किसी नतीजे पर नहीं पहुंची।
इन अधिकारियों ने दोनों युवकों से संदिग्धों का कदकाठी, हुलिया सहित अन्य जानकारी फिर हासिल की। थानाध्यक्ष ने बताया कि सर्वेश संदिग्धों की संख्या पांच और हथियार के साथ बता रहा है। जबकि बबलू संदिग्धों की संख्या चार और बिना हथियार के होना बता रहा है।
दोनों के बयान में विरोधाभास है। इसको लेकर पुलिस पशोपश में है। स्थानीय खुफिया विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पूरा मामला संदिग्ध है। हर एंगल पर जांच हो चुकी है। फिर भी हकीकत को सामने लाने के लिए खुफिया विभाग और पुलिस सक्रिय है ताकि असलियत जनता के सामने आ जाए।