रुद्रपुर (ब्यूरो)। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस चार दिन पहले पूर्वी तिवारी टोले में समाचार पत्र विक्रेता को पीटने वालों के खिलाफ पुलिस केस नहीं दर्ज कर रही है। उल्टे पीड़ित पर सुलह करने का दबाव बना रही है। समाचार पत्र विक्रेता विष्णु जायसवाल डॉक्टरी रिपोर्ट लेकर रोज थाने का चक्कर लगा रहा है।
समाचार पत्र विक्रेताओं ने अखबार वितरण बंद कर पुलिस के खिलाफ धरना देने की चेतावनी दी है। पीड़ित विष्णु जायसवाल ने बताया कि 26 तारीख की रात आठ बजे शराब के नशे में धुत्त दर्जनों लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
पिटाई की पजह से सिर में चार टॉके लगे हैं। घायल विष्णु ने कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने एक्स रे रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज करने को कही। वह तीन दिनों से एक्स रे रिपोर्ट लेकर केस दर्ज कराने को थाने का चक्कर लगा रहा है।
समाचार पत्र विक्रेता धर्मवीर गुप्ता, मोहन सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सत्यवान यादव, विजय नारायण पांडेय, प्रमोद, गौरीशंकर, अनिल आदि ने कहा कि 24 घंटे में रिपोर्ट नहीं दर्ज होने पर समाचार पत्र का वितरण बंद पुलिस के खिलाफ धरना दिया जाएगा।
इस बाबत सीओ डॉ. अजय सिंह ने कहा कि समाचार पत्र विक्रेता का केस दर्ज करने को निर्देश दे दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।