तरकुलवा के पूर्वांचल बैंक में पैसा नहीं मिलने से नाराज ग्राहको ने सड़क जाम कर दिया । देवरिया आ रहे कुशीनगर के एसपी की गाड़ी को बैंक ग्राहकों ने घेर लिया।
- फोटो : अमर उजाला
कंचनपुर। नोटबंदी से परेशान पूर्वांचल बैंक के ग्राहकों ने कसया-देवरिया मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम में कुशीनगर के एसपी फंस गए।
आधे घंटे तक वह लोगों को समझाने की कोशिश करते रहे लेकिन नाराज भीड़ जाम खत्म करने को तैयार नहीं थी। काफी मान-मनौव्वल के बाद जाम खुला। पूर्वांचल बैंक की तरकुलवा शाखा में बुधवार को भोर से ही लंबी लाइन लगी थी। निर्धारित समय 10 बजे बैंक का ताला नहीं खुलने से ग्राहक उग्र हो गए।
बैंक के सामने कसया-देवरिया मार्ग को जाम कर दिया। कुशीनगर के एसपी देवरिया जेल का निरीक्षण करने जा रहे थे। एक बुजुर्ग महिला ने एसपी की गाड़ी को रोक दिया। आधे घंटे तक एसपी के गाड़ी जाम में फंसी रही। एसपी की गाड़ी निकलने के बाद भीड़ ने फिर जाम लगा दिया। मौके पर मौजूद तरकुलवा पुलिस ने किसी तरह जाम खत्म कराया। ग्राहकों का आरोप था कि तीन दिनों से बैंक का ताला नहीं खुला है। ग्राहक रोज लाइन लगाते हैं और लौट जाना पड़ता है।
ग्राहकों ने कहा कि जिले में भरपूर रकम आने के बाद भी पूर्वांचल बैंक में कैश क्राइसिस दिखाया जा रहा है। बैंककर्मी अपने लोगों को गुपचुप रुपये दे रहे हैं जबकि अन्य ग्राहकों को कैश नहीं होने का बहाना बनाकर वापस कर दिया जा रहा है। बैंककर्मियों की जांच होनी चाहिए। ग्राहकों ने चेतावनी दी कि गुरुवार को रुपये नहीं बांटे गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।