आग से देवकली जयराम गांव में मकान जलने के बाद नष्ट हुए सामान
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर/रामपुर कारखाना। अलग-अलग गांवों में हुई अगलगी की घटनाओं जमकर तबाही मचाई। रुद्रपुर में जहां दुकान में आग लगी, वहीं रामपुर कारखाना में किराने की दुकान और मकान आग की चपेट में आ गया। ग्रामीणों की काफी कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
रुद्रपुर क्षेत्र के टीकर गांव में मुस्तफा अंसारी की रामजी सहाय पीजी कॉलेज के पश्चिमी बाईपास ढाले पर सौंदर्य प्रसाधन की दुकान है। गुरुवार की रात करीब आठ बजे दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। बंद दुकान में आग की लपटों को देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने शटर खोलकर आग को बुझाई। आग से करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। उधर, दीवाली की रात देवकली जयराम गांव में पटाखे की चिंगारी से रामनयन के घर में आग लग गई। आग की चपेट में रामनयन की चार बकरियां जलकर मर गई। घर के लोगों ने किसी तरह बच कर जान बचाई। फायर बिग्रेड और गांव वालों के सहयोग से आग बुझाई गई। आग से गरीब परिवार के घर गृहस्थी, अनाज, चारपाई जलकर राख हो गई। घटना स्थल पर पहुंच कर तहसीलदार रामाश्रय ने आग से हुई क्षति का जायजा लिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी मो. हदीस की गांव के बाहर झोपड़ी है। देर रात परिजन गांव में गए थे। मो.हदीस झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान कहीं से पटाखे की चिंगारी झोपड़ी पर गिर गई और आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण करते हुए पूरी झोपड़ी और उसके आगे बने टिनशेड को चपेट में ले लिया। अगलगी में जेवरात, बर्तन, कपड़ा और अनाज समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान जलने का अनुमान है। इसी तरह शाहपुर गांव निवासी मनोज मद्धेशिया के किराने की दुकान में देर रात आग लग गई। अगलगी की इस घटना में दुकानदार का नकदी समेत लगभग दो लाख रुपये का सामान जल गया।