अयोध्या हादसा : चौथे व्यापारी की मिली लाश
अयोध्या में सड़क हादसे के दौरान नहर में बह गया था दीपू
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीबाजार। अयोध्या में सड़क हादसे के दौरान शारदा नहर में बहे गौरीबाजार के व्यापारी दीपू उर्फ विकास जायसवाल की लाश सोमवार की दोपहर बरामद हुई। घटनास्थल से 500 मीटर दूर से शव को बाहर निकाला गया। शनिवार की देर रात हादसे के बाद से ही युवक लापता था। शव मिलने की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। उधर, चार व्यापारियों की मौत से व्यापारियों में शोक छाया रहा। इंदूपुर चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में व्यापारियों ने शोक में दुकानें बंद रखी।
कानपुर से खरीदारी कर लौटते वक्त अयोध्या के रूदौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शारदा सहायक नहर में एक कार पलट गई थी। इस हादसे में कार सवार क्षेत्र के गौरी बुजुर्ग निवासी अजय यादव (26), मदैना गांव के मोहम्मद शाह (27), इंदूपुर गांव के साजिद (25) की मौत हो गई थी, जबकि चौथा दीपू उर्फ विकास (26) नहर के पानी में बह गया था। पांचवां मोनू अहमद ने किसी तरह कार से निकलकर खुद को बचाया। घटना के बाद से रूदौली पुलिस गोताखोरों की मदद से दीपू उर्फ विकास की तलाश में जुटी थी। घंटों मशक्कत के बाद सोमवार की दोपहर घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूरी पर शव बरामद हुआ। शव एक पेड़ की डाल के साथ पानी में अटका था। मौत की पुष्टि होते ही घर में कोहराम मच गया। दीपू के पिता हरिश्याम की कस्बे में बीज भंडार की दुकान है। दो भाइयों में दीपू बड़ा था। उसका एक साल का बेटा हरिओम है। पत्नी नेहा, मां मीरा देवी, बहन अन्नू और भाई आकाश का रो-रोकर बुरा हाल था।
शोक में बंद रहा बाजार
इंदूपुर चौराहे के वस्त्र व्यवसायियों की आकस्मिक मौत पर हर तरफ मातम छाया हुआ है। इंदूपुर चौराहा और आसपास स्थित मठिया माफी, पननहां, कटाई आदि चौराहों पर सोमवार को सभी दुकानें बंद रहीं। दुकानदारों ने शोक सभा आयोजित कर मृतकों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किया।