भाटपाररानी। भाटपाररानी-भिंगारी मार्ग रौनक हॉस्पिटल के पास शानिवार की सुबह तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार पिता-पुत्र को कुचल दिया। हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, पिता गंभीर रुप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद कार चालक ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहां से वह फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लखनऊ के नंबर की कार पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा था।
बिहार के सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के बडगांव निवासी राजन बरनवाल शनिवार को अपने पांच वर्षीय बेटे सत्यम को खामपार थाना क्षेत्र के भठवा तिवारी गांव स्थित अपनी बहन के घर पहुंचाने के लिए साइकिल से जा रहा था। अभी वह भाटपाररानी-भिंगारी मार्ग पर पहुंचा था कि सामने से तेज गति से आ रही एंबेसडर कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक ने पिता-पुत्र को भाटपाररानी पीएचसी पर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सत्यम को मृत घोषित कर दिया। पीएचसी पर ग्रामीणों की बढ़ती भीड़ के बीच मौका पाकर कार चालक फरार हो गया। घायल पिता का इलाज पीएचसी पर चल रहा है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। कार के अंदर दो बोतल शराब भी बरामद हुई। इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सत्यम नहीं पहुंचा, आई मौत की खबर
भाटपाररानी। सत्यम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इसकी मौत की खबर मिलते ही घर वालों में कोहराम मच गया। अस्पताल पर गांव वालों व रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। राजन बेटे को गर्मी की छुट्टियों में बुआ के घर पहुंचाने के लिए निकला था। बुआ को भी भतीजे के आने का इंतजार था। मगर किसी को क्या पता था कि बुआ के घर पहुंचने से पहले रास्ते में काल सत्यम का इंतजार कर रहा है।