फर्जी इंस्पेक्टर बन वसुली करने वाले को पकड़ कर कोतवाली ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। दुकानों के लाइसेंस जांच कर धन उगाही कर रहे एक फर्जी मार्केटिंग इंस्पेक्टर को दुकानदारों ने कोआपरेटिव चौराहे पर पकड़ लिया। पिटाई के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस कोतवाली ले जाकर उससे पूछताछ कर रही है। पकड़ा गया युवक लार थाने के किसी गांव का बताया जा रहा है।
श्रवण कुमार नामक एक युवक खुद को मार्केटिंग इंस्पेक्टर बताकर कोआपरेटिव चौराहे के आसपास की दुकानों का लाइसेंस चेक कर रहा था। जनरल स्टोर, मेडिकल स्टोर समेत हर दुकान पर वह पहुंच रहा था। इस पर कुछ दुकानदारों को शक हुआ। दुकानदारों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई करने लगे। सूचना पर टीएसआई रामवृक्ष यादव और अन्य पुलिसकर्मी पहुंच गए। युवक से पूछताछ की गई। उसके पास एक आई-कार्ड मिला है। उस पर नाम श्रवण कुमार और पद बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर लिखा है, नीचे डोकलैंड लिखा है। पिछले हिस्से पर नई दिल्ली का पता लिखा गया है। वह जिस बाइक से आया था, उस पर पुलिस लिखा है। सदर कोतवाल सत्येंद्र कुमार पांडेय का कहना है पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।