संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर महिला की मौत
ससुरालीजनों ने मायके पक्ष को बिना बताए कर दिया अंतिम संस्कार
नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव पौंडरी की घटना, मायके पक्ष ने नहीं दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। गांव पौंडरी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसने के कारण मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव पौंडरी निवासी किन्नो (40) अपने पति बॉबी व चार बच्चों के साथ रहती थी। बॉबी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। बुधवार सुबह बॉबी कहीं चला गया था। इस दौरान किन्नो संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। ग्रामीणों और अन्य परिजनों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने गुपचुप तरीके से मायके पक्ष को बिना बताए महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। दोपहर को जब मायके वालों को घटना की जानकारी हुई, तो वे गांव पहुंचे और हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में सामने आ रहा है कि महिला ने गृह क्लेश के चलते आग लगाकर जान दी है। खबर लिखे जाने तक मायके वालोें ने तहरीर नहीं दी थी। नई मंडी चौकी इंचार्ज मिथुन दीक्षित का कहना था कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।